Mumbai News: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के अस्पताल में इलाज करा रहे राकांपा (शप) के अध्यक्ष शरद पवार को नियमित जांच के लिए शहर के एक कैंसर संस्थान ले जाया गया। पार्टी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पवार (85) को निर्जलीकरण की समस्या होने पर दो दिन पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, उन्हें शुक्रवार रात मझगांव स्थित ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर हेड एंड नेक कैंसर इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया’ ले जाया गया।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कैंसर को मात दे चुके पवार नियमित जांच के लिए हर छह महीने में संस्थान जाते हैं। सूत्रों ने कहा, ‘‘पवार अपनी कार से कैंसर संस्थान गए और जांच कराने के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल लौट आए।’’ उन्होंने बताया कि पवार को रविवार को अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
उद्योगपति गौतम अदाणी ने शनिवार सुबह अस्पताल में पवार से मुलाकात की। इस महीने पवार को तीसरी बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। दो नवंबर को उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था और चार नवंबर को उन्हें छुट्टी दे दी गई। उसी दिन, उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया और सात नवंबर को उन्हें छुट्टी दी गई थी।


