नई दिल्ली : तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने लोकसभा सीटों के परिसीमन (Delimitation) को लेकर केंद्र सरकार के सामने अपनी पार्टी का रुख दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है। स्टालिन ने कहा कि अगर लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो तमिलनाडु की मौजूदा 7.18% हिस्सेदारी किसी भी कीमत पर कम नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने दूसरी मांग रखते हुए कहा कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का जो अनुपात तय किया गया था, उसे अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जाना चाहिए।स्टालिन के मुताबिक, DMK ने सबसे पहले परिसीमन के संभावित दुष्परिणामों के खिलाफ आवाज उठाई थी। चेन्नई में ही देशभर के राजनीतिक नेताओं को एक मंच पर लाकर निष्पक्ष परिसीमन की मांग की गई थी।
उन्होंने साफ कहा कि तमिलनाडु के हितों और DMK के सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं होगा। मीडिया की अटकलें और आलोचनाएं भी उनके रुख को नहीं बदल सकतीं। स्टालिन का स्पष्ट संदेश है—तमिलनाडु के हितों से कोई समझौता नहीं, परिसीमन के नाम पर राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात भी नहीं बदलना चाहिए।


