महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की राजनीतिक साजिश कर रही है केंद्र सरकार : कांग्रेस

झारखंड कांग्रेस ने महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। सतीश पॉल मुंजनी ने 2029 से 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की मांग की।

Archana Ekka
6 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने केंद्र की मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर सरकार देश में परिसीमन की राजनीतिक साजिश को आगे बढ़ाना चाहती है। महिला आरक्षण कानून वर्ष 2023 में ही संसद से पारित हो चुका है। ऐसे में महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने के बजाय परिसीमन की शर्त जोड़कर इसे वर्षों तक टालना सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि अप्रैल 2026 में लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक का गिरना इस बात का स्पष्ट संकेत था कि सरकार के प्रस्ताव को पर्याप्त संवैधानिक समर्थन नहीं मिला। इसके बावजूद सरकार अब नए सिरे से परिसीमन से जुड़े विधेयक को लाने की तैयारी कर रही है। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि जिस विधेयक के माध्यम से देश की लोकसभा और राज्यों की विधानसभा सीटों की संरचना प्रभावित हो सकती है, उसका मसौदा तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। विपक्षी दलों को विश्वास में लिए बिना और सर्वदलीय बैठक बुलाए बिना इस तरह का महत्वपूर्ण संवैधानिक बदलाव करना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की हमेशा से पक्षधर रही है। वर्ष 2010 में यूपीए सरकार ने महिला आरक्षण विधेयक को राज्यसभा से पारित कराया था और वर्ष 2023 में भी कांग्रेस ने महिला आरक्षण कानून का समर्थन किया। कांग्रेस की मांग आज भी स्पष्ट है कि वर्तमान 543 लोकसभा सीटों में से 181 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएं और इसे वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू किया जाए। इसके लिए महिलाओं को परिसीमन के नाम पर अनिश्चितकाल तक इंतजार कराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि महिला आरक्षण कानून की धारा 334A में संशोधन कर सकती है, तो परिसीमन की अनिवार्य शर्त हटाकर 2029 से ही महिलाओं को आरक्षण देने का रास्ता क्यों नहीं खोलती? इससे स्पष्ट होता है कि सरकार की प्राथमिकता महिला सशक्तीकरण नहीं, बल्कि परिसीमन के माध्यम से देश का राजनीतिक और चुनावी नक्शा बदलना है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि परिसीमन केवल लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, संघीय ढांचे और लोकतांत्रिक संतुलन पर पड़ेगा। विशेष रूप से दक्षिण भारत और उन राज्यों के साथ अन्याय की आशंका है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण और विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। वर्ष 1976 और 2001 में भी देश के संघीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए सीटों के निर्धारण पर रोक लगाई गई थी। कांग्रेस की मांग है कि लोकसभा की 543 सीटों और राज्यों के प्रतिनिधित्व के अनुपात को अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने असम परिसीमन का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2023 में असम में हुए परिसीमन के बाद मुस्लिम बहुल विधानसभा क्षेत्रों की संख्या में कमी आई। इससे यह आशंका और मजबूत होती है कि परिसीमन की प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है। यदि असम में इस तरह के सवाल उठे हैं, तो पूरे देश में ऐसी प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना और भी जरूरी है।

सतीश पौल मुजनी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है, उसी व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को परिसीमन जैसी महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया में भूमिका देना लोकतांत्रिक विश्वास के लिए उचित नहीं है। चुनाव आयोग और परिसीमन आयोग जैसी संस्थाओं की विश्वसनीयता सर्वोपरि होनी चाहिए। देश की जनता का भरोसा कायम किए बिना देश का चुनावी नक्शा दोबारा नहीं खींचा जा सकता। उन्होंने कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री को कई पत्र लिखकर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की, लेकिन सरकार ने विपक्ष की मांग को लगातार नजरअंदाज किया। इतने महत्वपूर्ण संवैधानिक विषय पर विपक्ष को विश्वास में नहीं लेना सरकार की तानाशाही और असहिष्णु राजनीतिक सोच को उजागर करता है।

सतीश पौल मुजनी ने केंद्र सरकार से मांग की कि परिसीमन से संबंधित प्रस्तावित विधेयक का पूरा मसौदा सार्वजनिक किया जाए, सभी राजनीतिक दलों की सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए, वर्तमान 543 लोकसभा सीटों और राज्यों के प्रतिनिधित्व के अनुपात को अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखा जाए तथा महिला आरक्षण को परिसीमन से अलग कर वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से ही लागू किया जाए। उन्होंने अंत में कहा कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं, बल्कि महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की राजनीति और देश के संघीय ढांचे को कमजोर करने के प्रयास के खिलाफ है। महिलाओं को उनका अधिकार दीजिए, लेकिन उस अधिकार की आड़ में देश का राजनीतिक नक्शा बदलने की कोशिश मत कीजिए। लोकतंत्र में देश का नक्शा किसी एक सरकार की राजनीतिक इच्छा से नहीं, बल्कि संविधान, सहमति और निष्पक्षता से तय होना चाहिए।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।