हालात बदल चुके हैं, अब राज्य का हर गरीब, गुरबा, आदिवासी और मूलवासी निडर होकर अपनी बात रखता है : हेमंत सोरेन

रामगढ़ के नेमरा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद सोबरन सोरेन को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने 111 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर आदिवासी मूलवासी अधिकारों पर जोर दिया।

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़ : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि एक दौर ऐसा था जब आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती व्यवस्था के सामने सिर उठाकर भी नहीं देख पाते थे, लेकिन आज हालात बदल चुके हैं। अब राज्य का हर गरीब, गुरबा, आदिवासी और मूलवासी निडर होकर अपनी बात रखता है और स्वाभिमान के साथ जीता है, जिसका श्रेय सोबरन मांझी के बलिदान को जाता है। वे शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस-सह-पारितोषिक वितरण समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा रामगढ़ जिले के लिए लगभग 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।

साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) के 69वें शहादत दिवस को व्यापक पहचान और जन-जन तक पहुंचाने में स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ उठे संघर्ष की आवाज को दबाने की कोशिशें हुईं, लेकिन गुरुजी के नेतृत्व में यह आंदोलन फिर से मजबूत हुआ और आज की युवा पीढ़ी इस विरासत को आगे बढ़ा रही है।उन्होंने बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और चांद-भैरव का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में अत्याचार के खिलाफ भड़की चिंगारियों ने ही आगे चलकर अलग झारखंड आंदोलन का रूप लिया। कभी यह ताना दिया जाता था कि आदिवासी-मूलवासी अपना राज्य कैसे चलाएंगे, लेकिन आज उन्हीं शहीद परिवारों की अगली पीढ़ी राज्य को संवारने का काम कर रही है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए हेमन्त सोरेन ने कहा कि सरकार गांव से लेकर शहर तक लोगों को आत्मनिर्भर बनाने में जुटी है। पहले चरण में 18 से 50 आयु वर्ग की लगभग 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनें और खुद अपनी गरीबी दूर कर सकें। अधिकारों और संसाधनों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने में बाधाएं और भेदभाव की स्थिति पैदा की जा रही है तथा राजस्व के स्रोतों को रोकने के प्रयास हो रहे हैं, लेकिन सरकार इससे पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस तरह संघर्ष कर अलग झारखंड लिया गया, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी हासिल किया जाएगा। अब बाहर से आकर किसी को शोषण करने की छूट नहीं दी जाएगी और पहले राज्य के लोगों को उनका हक दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस बार कार्यक्रम सादगी से मनाया गया है, लेकिन भविष्य में इसे और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।