UP News: सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में बढ़ी तकरार, इमरान मसूद बोले- “सहारनपुर की दोनों सीटें…”

News Aroma Desk
3 Min Read
UP News: सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में बढ़ी तकरार, इमरान मसूद बोले- "सहारनपुर की दोनों सीटें..."
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

UP News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने शनिवार को कहा कि सहारनपुर जिले की जिन दो विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं, वे कांग्रेस की हैं।

उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से बड़ा दिल दिखाने और कांग्रेस को भी जगह देने का भी आग्रह किया। मसूद ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में कहा कि इस मामले में कांग्रेस की स्थिति बिल्कुल स्पष्ट है। उनकी पार्टी सपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती है और अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनते देखना चाहती है, लेकिन कांग्रेस को भी चुनाव लड़ने के लिए पर्याप्त जगह मिलनी चाहिए।

सहारनपुर की दोनों सीटों पर कांग्रेस ने जताया दावा

उन्होंने कहा, ‘‘दोनों सीट कांग्रेस की हैं। कांग्रेस ने 2017 में इन सीटों पर जीत हासिल की थी। वर्ष 2022 में सपा ने ये सीट इसलिए जीतीं, क्योंकि मैं उस समय सपा में शामिल हो गया था। इन क्षेत्रों में सपा का अपना कोई खास आधार नहीं रहा है।’’

26 सीटों के ऑफर पर जताई नाराजगी

सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीट देने की पेशकश पर मसूद ने कहा कि इस तरह कांग्रेस को कमतर आंकना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आत्मसमर्पण करके चुनाव नहीं लड़ सकती। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस अपनी मजबूत सीट भी छोड़ देगी तो उसके पास क्या बचेगा। सपा नेता आजम खान की कांग्रेस की सीटों की मांग पर की गई टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर मसूद ने कहा, ‘‘हम आपसे कुछ मांगने वाले भिखारी नहीं हैं। हमें आपसे कुछ नहीं मांगना है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2017 में 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था और अब उसकी स्थिति पहले से बेहतर है।

मसूद ने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन होना चाहिए और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुकाबला दो विचारधाराओं के बीच है- एक विचारधारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और दूसरी राहुल गांधी के नेतृत्व वाली है। सपा द्वारा सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच पांच उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने से दोनों दलों के बीच तनाव बढ़ गया है। सहारनपुर और बेहट सीटों को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। सपा ने सहारनपुर से आशु मलिक और बेहट से उमर अली खान को टिकट दिया है। दोनों इन क्षेत्रों से मौजूदा विधायक हैं।

Share This Article