मंईयां सम्मान योजना की लाभुकों को बड़ी राहत, 30 जून से पहले खाते में आएंगे 5 हजार रुपये

देवघर की 2.41 लाख महिला लाभुकों को मंईयां सम्मान योजना के तहत अप्रैल-मई की बकाया राशि मिलेगी। 30 जून से पहले प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 5 हजार रुपये भेजे जाएंगे।

Razi Ahmad
3 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Maiya Samman Yojana : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत देवघर जिले की लाखों महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। झारखंड सरकार ने योजना के सुचारू संचालन और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए जिले को कुल 382 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है। इस राशि में अप्रैल और मई माह की बकाया सहायता राशि के साथ-साथ जून से सितंबर तक के भुगतान के लिए अग्रिम फंड भी शामिल है।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार देवघर जिले में वर्तमान समय में करीब 2.41 लाख महिलाएं इस योजना का लाभ प्राप्त कर रही हैं। इन सभी लाभुकों को अप्रैल और मई महीने की बकाया राशि एकमुश्त दी जाएगी। प्रत्येक लाभुक महिला के खाते में 5 हजार रुपये भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और 30 जून से पहले सभी पात्र महिलाओं के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक अप्रैल और मई माह की बकाया राशि के भुगतान पर लगभग 120 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से ट्रेजरी के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में राशि भेजने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। प्रशासन का दावा है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पंजीकृत महिलाओं को भुगतान कर दिया जाएगा।

इसके अलावा राज्य सरकार ने भविष्य में भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर माह की सहायता राशि के लिए लगभग 262 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फंड भी उपलब्ध कराया है। इससे अगले चार महीनों तक योजना के संचालन में किसी प्रकार की वित्तीय बाधा नहीं आएगी और लाभुकों को समय पर सहायता राशि मिलती रहेगी।

जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायक निदेशक सरिता भारती ने बताया कि अप्रैल और मई माह की राशि जारी होने में देरी का मुख्य कारण लाभुकों के दस्तावेजों और आंकड़ों का सत्यापन था। सरकार द्वारा चलाए गए व्यापक सत्यापन अभियान के दौरान लाभुकों की जानकारी का मिलान किया गया, जिसके कारण भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हुई थी।

उन्होंने बताया कि अब सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है और भुगतान की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है कि 30 जून से पहले सभी पात्र महिलाओं के खातों में राशि पहुंच जाए। सरकार के इस फैसले से जिले की लाखों महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।