ओमान तट पर जहाज पर हमले में देवरिया के सूरज यादव की मौत

ओमान के पास वाणिज्यिक जहाज पर हुए मिसाइल हमले में उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी सूरज यादव की मौत।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवरिया (उप्र): ओमान के पूर्वी तट पर होर्मुज के पास वाणिज्यिक जहाज पर हुए मिसाइल हमले में देवरिया जिले के एक युवक की मौत हो गई। उसके परिवारवालों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार युवक की पहचान सूरज यादव (23) के रूप में हुई है जो गौरी बाजार थानाक्षेत्र के करमाजीपुर गांव के अहीरवाटी टोला का निवासी था।
सूरज यादव के चाचा अवधेश यादव ने बताया कि सूरज 19 अगस्त 2026 को मुबंई की कंपनी के जरिए ओमान गया था और ओमान के वाणिज्यिक पोत पर उसकी तैनाती थी।

अवधेश यादव के अनुसार पोत ओमान से बहरीन गया था, उस समय उनलोगों की सूरज से अंतिम बात हुई थी।

उन्होंने बताया कि सूरज ने वहां से सामान लादकर पोत बुधवार को सुबह ओमान लौटने की बात बताई थी।

अवधेश यादव के मुताबिक तभी होर्मुज के समीप पोत पर अचानक हमला हो गया जिसमें उसकी जान चली गई।

अवधेश यादव ने सरकार से सूरज का शव जल्द से जल्द स्वदेश लाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय से कल शाम फोन आया कि ओमान में पोत पर हुए हमले में सूरज यादव की मौत की हो गई।

विदेश मंत्रालय ने परिवार को बताया कि पोत पर चालक दल में 20 भारतीय नागरिक तैनात थे जिनमें से 19 को बचा लिया गया, लेकिन सूरज की मौत हो गई।

अवधेश यादव ने बताया कि विदेश मंत्रालय ने फोन पर बताया कि सूरज यादव का पार्थिव शरीर पूरे सम्मान के साथ घर लाया जाएगा और उनके परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी।

बाजार थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय के अनुसार सूरज यादव (23) ओमप्रकाश यादव का पुत्र था और वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था एवं अविवाहित था।

परिवारवालों के मुताबिक सूरज यादव के पिता ओमप्रकाश यादव कुवैत में रहते हैं। सूचना मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो गए हैं। घर पर मां पुष्पा देवी, दादा और तीन छोटे भाई सन्नी (कक्षा 10), साहिल (कक्षा 9) व समीर (कक्षा 6) हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।