बेंगलुरु: बेंगलुरु और इसके आसपास के जिलों में अवैध रूप से रह रहे 160 बांग्लादेशी नागरिकों को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके देश वापस भेज दिया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई पुलिस और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार सिंह के अनुसार निर्वासन की यह प्रक्रिया बुधवार को हुई।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय वायु सेना के साथ समन्वय के बाद इन लोगों को विशेष विमान से वापस भेजा गया। उन्होंने बताया कि एफआरआरओ ने इस संबंध में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ समन्वय किया।
पुलिस ने बताया कि इन लोगों को बेलंदूर, बेगूर, वरथूर, बांदे पाल्या और मराठहल्ली से हिरासत में लिया गया था जबकि सात अन्य लोगों को चिक्कमगलुरु और गडग जिलों से हिरासत में लिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि उन्हें बेंगलुरु से विमान द्वारा राष्ट्रीय सीमा तक ले जाया गया, जहां उन्हें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कर्नाटक, विशेष रूप से बेंगलुरु के प्रमुख इलाकों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के संबंध में बार-बार शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर सत्यापन अभियान चलाया था।
उन्होंने बताया कि वैध दस्तावेजों के बिना पाये गये विदेशी नागरिकों को पहले निरुद्ध केंद्रों में भेजा गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके देश वापस भेज दिया गया।


