
Dhanbad ED Raid : झारखंड में अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े काले कारोबार पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। रांची जोनल कार्यालय की टीम ने धनबाद जिले में 31 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर अहम दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई।
ईडी की यह कार्रवाई हरेंद्र चौहान और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर की गई। छापेमारी जिन ठिकानों पर हुई, उनमें उनके सहयोगियों, रिश्तेदारों और उनसे जुड़ी कंपनियों के परिसर भी शामिल हैं। जांच के दायरे में गणेश यादव, पप्पू मंडल, रोहित यादव और माधो सिंह समेत कई अन्य लोगों के नाम भी बताए जा रहे हैं।
ईडी ने अपनी जांच झारखंड पुलिस की ओर से दर्ज कई एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। इन मामलों में धनबाद और आसपास के इलाकों में अवैध कोयला खनन, चोरी के कोयले की तस्करी, कोयला ढुलाई में रंगदारी वसूली और लेवी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस इन मामलों में पहले ही कई आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपियों ने अवैध कारोबार से बड़ी रकम अर्जित की और उस पैसे के स्रोत को छिपाने के लिए कई कंपनियों और अलग-अलग लोगों के नाम का इस्तेमाल किया। इसके बाद कथित तौर पर उसी रकम से चल और अचल संपत्तियां खरीदी गईं, ताकि अवैध कमाई को वैध दिखाया जा सके।
फिलहाल ईडी जब्त किए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। एजेंसी का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

