
- महुआडांड़ दुर्गा बाड़ी में गुरु पूर्णिमा का भव्य आयोजन
महुआडांड़ : गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर महुआडांड़ प्रखंड स्थित दुर्गा बाड़ी परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का केंद्र बन गया। इसी शुभ दिन पर राष्ट्रीय संत गुरुदेव जगदीश नन्द महाराज, भक्ति कुंज आश्रम प्रयागराज का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही दुर्गा बाड़ी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
महिला और पुरुष भक्तों ने गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपने जीवन को सार्थक बनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, मंगल दीप प्रज्ज्वलन और विधिवत गुरु पूजन के साथ हुआ।
इसके बाद गुरुदेव जगदीश नन्द महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला उन्होंने कहा गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वर। गुरु ही साक्षात परब्रह्म है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा वह पावन अवसर है जब शिष्य अपने गुरु के प्रति कृतज्ञता और समर्पण व्यक्त करता है।उनके जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं ने गुरुदेव का पंचोपचार पूजन किया। भक्तों ने केक काटकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इस भव्य आयोजन में बृजमोहन जायसवाल, दीपनारायण जायसवाल, अनिल गुप्ता, सुशांत कुमार, राजेश प्रसाद दास, आनंद किशोर नाथ शाह, बाबूलाल ठाकुर, सर्वेश पाठक सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया।

