
धनबाद : जिले में अवैध तस्करी के खिलाफ मथुरा प्रसाद महतो के बेटे दिनेश महतो ने आंदोलन का ऐलान किया है। बांस कपुरिया भेलाटांड़ स्थित स्व. प्यारेलाल उद्यान में आयोजित बैठक के बाद दिनेश महतो ने कहा कि धनबाद के बाघमारा, झरिया, तेतुलमारी, राजगंज, गोविंदपुर, तोपचांची, टुंडी और पूर्वी टुंडी समेत कई इलाकों में अवैध कोयला, लोहा, बालू, पशु और मछली तस्करी बड़े पैमाने पर चल रही है।
दिनेश महतो ने कहा कि यहां से हजारों ट्रक कोयला राजगंज होते हुए तोपचांची के रास्ते बिहार और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है। वहीं, बराकर नदी और दामोदर नदी से अवैध बालू खनन कर विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जा रहा है।उन्होंने पशु तस्करी को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि यह कारोबार निरसा समेत कई रास्तों से पश्चिम बंगाल तक पहुंच रहा है।
दिनेश महतो ने जिला प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे स्थानीय लोगों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो तस्करी में लगे वाहनों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया जाएगा। किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।

