
धनबाद : धनबाद से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया तीन के सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टांडाबाड़ी में गुरुवार रात अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन धंस गई, जिससे करीब 20 घर देखते ही देखते जमीन में समा गए। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ लोगों ने मीडिया कर्मियों को भी निशाना बनाया। बता दें कि पिछले 24 घंटे में धनबाद में भू-धंसान की यह तीसरी घटना है, जिससे लोगों में डर और भी बढ़ गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमीन धंसते ही सड़क, घर और आसपास का इलाका अचानक नीचे चला गया।
घटना में चार लोग घायल
बाघमारा पुलिस अनुमंडल के सोनारडीह थाना क्षेत्र स्थित टांडाबाड़ी बस्ती में इस हादसे में बाघमारा की पूर्व प्रखंड प्रमुख मीनाक्षी रानी गुड़िया का घर भी जमींदोज हो गया। कुल मिलाकर करीब 20 घर इस हादसे की चपेट में आ गए। घटना में चार लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में सूरज राम, उनकी मां, बहन और भांजा शामिल हैं, जिनके दोनों पैर टूट गए हैं। सूरज राम की बहन जया कुमारी ने हिम्मत दिखाते हुए घर में फंसे दो-तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों का इलाज असर्फी अस्पताल में चल रहा है। गौर करने वाली बात यह है कि इसी इलाके में बुधवार को भी जमीन धंसने की घटना हो चुकी है।
खिड़की तोड़कर महिलाओं को बचाया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भू-धंसान के दौरान हरिया हाड़ी के घर में दो महिलाएं फंस गई थीं। आसपास के लोगों ने तुरंत खिड़की तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। वहीं, पास के एक घर का दरवाजा भी धंसान में जाम हो गया था, जिसे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद पूरे इलाके में धुआं फैल गया और माहौल और भी भयावह हो गया। एक घर में खड़ी मोटरसाइकिल, मारुति कार समेत लाखों रुपये का सामान मलबे में दब गया। घटनास्थल के पास स्थित राजाकोठी बस्ती के करीब 100 घर अब भी खतरे की जद में हैं। यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

