
रांची : रांची के जगन्नाथपुर मंदिर से शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। मंदिर में तैनात गार्ड की हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, देर रात कुछ अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुसे। पहले उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया फिर गार्ड की बेरहमी से हत्या कर फरार हो गए। सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे, तो मंदिर परिसर में गार्ड का शव पड़ा देख सन्न रह गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इस घटना ने जहां सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा भी साफ नजर आ रहा है।
चोरी के बाद गार्ड की हत्या
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गार्ड बिरसा मुंडा मंदिर परिसर में ही सो रहे थे। इसी दौरान चोर अंदर दाखिल हुए। चोरी करने के बाद उन्होंने गार्ड की हत्या कर दी। वारदात के बाद चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़ा और उसमें रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। मंदिर जैसे धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
मुआवजे की मांग
घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं और प्रशासन से इंसाफ के साथ-साथ मुआवजे की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मंदिर समिति ने परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता देने की बात कही है, ताकि उनका गुजारा हो सके। हालांकि, परिजन सिर्फ आर्थिक मदद नहीं बल्कि स्थायी सहारा और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं।
तीन संदिग्ध हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती अंदेशा है कि इस वारदात के पीछे स्थानीय चोरों का हाथ हो सकता है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

