
रांची : रांची में इस बार अप्रैल महीने में ही गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। करीब तीन साल बाद ऐसा हुआ है जब तापमान इतने खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। फिलहाल रांची का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हालांकि, साल 2022 के अप्रैल में यह आंकड़ा 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था। गुरुवार का दिन भी राहत भरा नहीं रहा। रांची समेत पूरे झारखंड में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। पश्चिमी सिंहभूम में तापमान 43 डिग्री, डालटनगंज में 43.2 डिग्री और जमशेदपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 24 अप्रैल को इन इलाकों में लू चलने के साथ-साथ गरज-चमक की भी संभावना बनी हुई है।
कल से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। इस दिन 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके बाद 26 और 27 अप्रैल को मौसम पूरी तरह करवट ले सकता है। इन दिनों तेज आंधी, बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और बदलते मौसम को देखते हुए जरूरी सावधानियां जरूर बरतें।

