
Dhanbad Police Transfer : धनबाद जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने तीन थाना प्रभारियों का तबादला किया है। इस संबंध में मंगलवार को आदेश जारी किया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर जल्द योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, झरिया थाना में पदस्थापित जेएसआई बिट्टु कुमार को पाथरडीह थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, अब तक पाथरडीह थाना प्रभारी रहे अंशु झा का तबादला कर उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
इसी तरह बैंक मोड़ थाना में पदस्थापित अभय कुमार को बरोरा थाना का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार को स्थानांतरित कर सोनारडीह थाना का प्रभारी बनाया गया है। दूसरी ओर, सोनारडीह थाना प्रभारी दिलीप पाल को पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि इस प्रशासनिक फेरबदल से संबंधित थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग प्रभावित न हो।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि समय-समय पर किए जाने वाले ऐसे प्रशासनिक बदलावों से थाना स्तर पर कार्यप्रणाली में सुधार होता है, अपराध नियंत्रण की रणनीति को मजबूती मिलती है और आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सकती है।

