गुमला के पालकोट में बेखौफ बदमाशों का तांडव, ज्वेलरी कारोबारी से 20 लाख के आभूषण लूटे

गुमला के पालकोट में बेखौफ बदमाशों ने ज्वेलरी कारोबारी से करीब 20 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। पुलिस नाकेबंदी कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla Palkot Jewellery Robbery : पालकोट प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार शाम बेखौफ अपराधियों ने एक ज्वेलरी व्यवसायी को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। घटना उस वक्त हुई, जब व्यवसायी अपनी दुकान बंद कर जेवरात से भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी रोज की तरह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। घर पहुंचने से पहले पालकोट बस्ती के पास पहले से घात लगाए तीन बाइक सवार अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया। जब मनीष सोनी ने विरोध किया तो बदमाशों ने डंडे से हमला कर उन्हें नीचे गिरा दिया। इसके बाद पिस्टल का भय दिखाकर गहनों से भरा बैग छीन लिया और बसिया की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संभावित भागने वाले रास्तों पर भी जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले घाघरा में भी एक स्वर्ण व्यवसायी के साथ इसी तरह की लूट हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से जिले के सर्राफा कारोबारियों में असुरक्षा का माहौल है और वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

इस घटना की एक और खास बात यह है कि मंगलवार को ही अंकित राज ने पालकोट थाना के नए प्रभारी के रूप में पदभार संभाला था। पदभार ग्रहण करने के कुछ ही घंटों बाद हुई इस बड़ी लूट ने पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था की चुनौती और बढ़ा दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पुलिस कितनी जल्दी आरोपियों तक पहुंचकर इस मामले का खुलासा कर पाती है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।