
Snake Attack : लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र स्थित समसीरा हायर सेकेंड्री आवासीय विद्यालयके छात्रावास में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना हुई। छात्रावास के कमरे में सो रही चार छात्राओं को कथित तौर पर जहरीले सांप ने डस लिया। सभी छात्राओं को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है।
मृतक छात्रा की पहचान 12 वर्षीय वर्षा उरांव के रूप में हुई है, जो सलगी अलौदी नवा टोली की रहने वाली थी। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना में घायल 14 वर्षीय मनीषा कुमारी, 11 वर्षीय फुलमनिया उरांव और 12 वर्षीय अनीसा कुमारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिसके बाद वहां माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों की भी बड़ी संख्या में अस्पताल परिसर में भीड़ जुट गई।
कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस घटना के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्रावास परिसर में नियमित सफाई और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

