
धनबाद: धनबाद में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर वाली दो अलग-अलग गाड़ियां मिलने का मामला सामने आया। घटना के बाद वाहन मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अगर आरोप सही साबित होते हैं तो यह मामला फर्जी नंबर प्लेट, वाहन दस्तावेजों में गड़बड़ी या किसी बड़े वाहन रैकेट से भी जुड़ा हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा को-ऑपरेटिव कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार सिंह को उनके चालक ने बताया कि पुटकी थाना क्षेत्र में एसबीआई बैंक के पास एक कार खड़ी है, जिस पर उनकी ही गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर लगा हुआ है। यह जानकारी मिलते ही मुकेश कुमार सिंह चौंक गए और तुरंत जोड़ापोखर थाना से संपर्क कर पूरी बात बताई। इसके बाद स्थानीय पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना प्रभारी ने मामले को गंभीर मानते हुए पुटकी थाना पुलिस को अलर्ट किया। फिलहाल पुलिस दोनों वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ-साथ चेसिस नंबर, इंजन नंबर और सभी संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि उनकी गाड़ी का नंबर किसी दूसरी गाड़ी पर इस्तेमाल होना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर इस नंबर का इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में होता है तो जिम्मेदारी उन पर भी आ सकती है। इसी वजह से उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष और त्वरित जांच तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला फर्जी नंबर प्लेट का है, दस्तावेजों में गड़बड़ी है या फिर यह कोई तकनीकी त्रुटि है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

