
रांची: रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के बालसेग्रा गांव में जमीन विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। यहां गिरिडीह के पूर्व सब रजिस्ट्रार रहे बालेश्वर पटेल की हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक जमीन विवाद को लेकर उन पर पत्थर से हमला किया गया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालेश्वर पटेल हुल दिवस की छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। घटना वाले दिन वह सुबह जमीन देखने के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उन पर हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

