हजारीबाग : विनोबा भावे विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के सह प्राध्यापक डॉ राखो हरि प्रसाद को विश्वविद्यालय का नया जन सूचना पदाधिकारी बनाया गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा के आदेश से कुलसचिव प्रो सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। उन्होंने नए पद पर योगदान करने के बाद पूर्व जन सूचना पदाधिकारी डॉ सुकल्याण मोइत्रा से प्रभार ग्रहण कर लिया। डॉ प्रसाद ने पूर्व में खेल निदेशक की भूमिका में भी विश्वविद्यालय को अपनी सेवाएं दी है। डॉ राखो हरी प्रसाद ने तत्पश्चात विश्वविद्यालय के कुलपति से शिष्टाचार मुलाकात कर अपने योगदान के विषय में उनको अवगत कराया।

ज्ञात हो कि विश्वविद्यालय के पूर्व जन सूचना पदाधिकारी डॉ मोइत्रा राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष होने के साथ-साथ जनसंपर्क पदाधिकारी (PRO) तथा जन सूचना पदाधिकारी (PIO) के दायित्व का भी निर्वहन कर रहे थे। लोकभवन सचिवालय रांची से जारी एक-शिक्षक-एक-पद के पत्र जारी होने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति से जन संपर्क तथा जन सूचना पदाधिकारी के दायित्व से मुक्त कर दिए जाने का आग्रह किया था तथा त्यागपत्र भी सौपा था। फिलहाल उन्हें जन सूचना पदाधिकारी के पद से मुक्त कर दिया गया है।
नए जन सूचना पदाधिकारी डॉ राखो हरि प्रसाद अपने सहायक श्री मिथिलेश से लंबित संचिकाओं की समीक्षा कर कार्यों का निष्पादन भी प्रारंभ कर दिए हैं।


