जमशेदपुर: मानगो के वसुंधरा एस्टेट, स्वर्णरेखा फ्लैट और आसपास की आवासीय बस्तियों के लोगों की शिकायत पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मंगलवार को कचरा डंपिंग स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने खुले में कचरा जमा किए जाने की स्थिति को चिंताजनक बताया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कचरे से निकलने वाला गंदा और दुर्गंधयुक्त पानी स्वर्णरेखा फ्लैट की ओर जा रहा है। मंदिर और चापाकल के आसपास भी काला पानी जमा होने की बात कही गई। मौके पर मौजूद लोगों ने दुर्गंध और गंदगी से परेशानी की शिकायत की।

टीन शेड और कॉम्पैक्टर लगाने का सुझाव
सरयू राय ने मानगो नगर निगम के अधिकारी से फोन पर बात कर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने का सुझाव दिया। उन्होंने मैदान के एक हिस्से में चारों ओर से बंद टीन शेड बनाने और वहां दो कॉम्पैक्टर लगाने की बात कही, ताकि कचरे को खुले में रखने के बजाय तुरंत कॉम्पैक्ट कर निर्धारित स्थान पर भेजा जा सके। उन्होंने इंदौर और भोपाल की तर्ज पर कचरा ट्रांसफर स्टेशन विकसित करने का भी सुझाव दिया। उनका कहना था कि गीले कचरे से निकलने वाले पानी के रिसाव को रोकने की व्यवस्था भी जरूरी है।
स्वास्थ्य और पर्यावरण को लेकर चिंता : विधायक ने कहा कि आवासीय क्षेत्र के बीच खुले में कचरा डंप किए जाने से लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। मौके पर उनके साथ गए दो लोगों ने भी शारीरिक परेशानी महसूस होने की बात कही। हालांकि, किसी हानिकारक तत्व की मौजूदगी की पुष्टि के लिए जांच जरूरी होगी। राय ने नगर निगम से इस समस्या का स्थायी और वैज्ञानिक समाधान निकालने की मांग की है। स्थानीय लोगों की ओर से भी खुले में कचरा डंपिंग बंद कर स्थायी व्यवस्था बनाने की मांग की जा रही है।


