आजसू छात्र संघ ने मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य को सौंपा मांग-पत्र, बुनियादी सुविधाओं समेत वाई-फाई की मांग

आजसू छात्र संघ ने मारवाड़ी कॉलेज रांची में छात्रों की समस्याओं को लेकर मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने वाई-फाई, साफ-सफाई, पेयजल, कंप्यूटर लैब और नियमित कक्षाओं की मांग रखी।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मारवाड़ी कॉलेज, रांची के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार से मुलाकात कर छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज परिसर में पठन-पाठन और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान छात्र प्रतिनिधियों ने कॉलेज परिसर और कक्षाओं की नियमित साफ-सफाई, नियमित कक्षाओं का संचालन, समय पर परीक्षा परिणामों के प्रकाशन और कंप्यूटर लैब की सुविधाओं में सुधार की मांग रखी। इसके साथ ही कॉलेज भवन की मरम्मत और परिसर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। छात्रों ने कहा कि डिजिटल शिक्षा के मौजूदा दौर में विद्यार्थियों के लिए इंटरनेट सुविधा बेहद जरूरी है, इसलिए पूरे कॉलेज परिसर में वाई-फाई की सुविधा दी जानी चाहिए। इसके अलावा स्वच्छ और ठंडे पानी के लिए वॉटर कूलर एवं वाटर फिल्टर की समुचित व्यवस्था कराने की मांग भी उठाई गई।

प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान आजसू छात्र संघ के महानगर अध्यक्ष अमन साहू, प्रदेश सचिव सक्षम झा, राजेश सिंह, आर्यन, राहुल यादव और हिमांशु समेत कई अन्य छात्र कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।