
दुमका : वन विभाग की टीम ने शनिवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के पूर्व निजी सचिव विवेकानंद राउत उर्फ विवेक राउत के दुमका के महुआ डंगाल इलाके में स्थित आवास पर छापेमारी की। इस छापेमारी का नेतृत्व आइएफएस ट्रेनी पुष्कर काले कर रहे थे। वन विभाग की टीम विवेक राउत के भतीजे पंकज राउत की गिरफ्तारी के लिए आई थी। पंकज राउत तो नहीं मिला पर इस कार्रवाई के विरोध में आसपास के लोगों ने जमकर हंगामा किया।
शनिवार सुबह-सुबह वन विभाग की टीम झारखंड पुलिस को लेकर विवेक राउत के घर पहुंच गई। छापेमारी की खबर सुनकर काफी संख्या में आसपास के लोग एकत्रित हो गए। जिसमें दुमका जिला परिषद की सदस्य चिंता देवी भी शामिल थीं। लोग मुख्य गेट के सामने खड़े हो गए। लोगों ने पुलिस से पूछा कि पहले कार्रवाई का कारण बताया जाए कि यह कार्रवाई क्यों हो रही है। लेकिन वन विभाग की टीम कुछ भी बताने के लिए तैयार नहीं थी। वन विभाग के कर्मी घर का ताला तोड़ना चाहते थे लेकिन लोग कारण बताने की जिद पर अड़ गए। लगभग एक डेढ़ घंटे तक बहस चलने के बाद यह तय हुआ कि टीम के कुछ लोग अंदर जाकर सर्च करेंगे। वन अधिकारी पुष्कर काले अपने बॉडीगार्ड और महिला पुलिस को लेकर अंदर गए और लगभग 10 मिनट के बाद बाहर निकले।

