
शहर में 80 स्थलों को किया गया है चिन्हित
हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है कदम
घेराबंदी कर लगाए जाएंगे घास और पेड़-पौधे
रांची: रांची नगर निगम (RMC) शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए बड़े पैमाने पर ‘ग्रीन पैच’ विकसित करने जा रहा है। शहर के विस्तार और कंक्रीट के जंगलों के बीच राजधानी को प्रदूषण मुक्त रखना भी रांची नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसे में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर निगम की इस योजना के तहत पूरे शहर में कुल 80 स्थलों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें आकर्षक ग्रीन पैच में तब्दील किया जाएगा।
कैसे तैयार होंगे ग्रीन पैच
सड़क किनारे की खाली जमीनों, चौराहों के आसपास के खाली हिस्सों और सरकारी जमीनों को सुरक्षित करके यह अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम ने जिन जगहों को चिन्हित किया है, सबसे पहले उनकी घेराबंदी की जाएगी ताकि वहां किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण न हो सके। खाली पड़ी इन जमीनों पर हरी-भरी घास लगाई जाएगी और छायादार व हवा को साफ करने वाले पौधे लगाए जाएंगे।
एयर फिल्टर का करेंगे काम
शहर में गाड़ियों और निर्माण कार्यों से बढ़ने वाले प्रदूषण को कंट्रोल करने में ये ग्रीन पैच नैचुरल एयर फिल्टर’ का काम करेंगे। पेड़-पौधे हवा को शुद्ध रखेंगे। अक्सर देखा जाता है कि शहर की खाली पड़ी सरकारी जमीनों पर कचरा डंप होने लगता है या अवैध कब्जे हो जाते हैं। घेराबंदी और ब्यूटीफिकेशन से इस समस्या पर रोक लगेगी। कंक्रीट की वजह से गर्मियों में शहर का तापमान काफी बढ़ जाता है। हरी घास और पेड़ मिट्टी की नमी बनाए रखेंगे, जिससे तापमान को संतुलित रखने में मदद मिलेगी। धूल से भरी जगहें जब हरी-भरी और सुव्यवस्थित होंगी। जिससे रांची की खूबसूरती में चार चांद लग जाएंगे। नगर निगम इस योजना को जल्द से जल्द पूरा करने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।जिससे रांची न सिर्फ एक ‘स्मार्ट सिटी’ बल्कि पर्यावरण के लिहाज से बल्कि ग्रीन सिटी की तरह भी दिखेगी।

