झारखंड : जांच करने पहुंची पुलिस का विरोध करना ग्रामीणों को पड़ा भारी, पांच नामजद सहित 21 अज्ञात लोगों पर FIR

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दुमका : पत्थर औद्योगिक क्षेत्र कुलकुली डंगाल में चल रही विवादित पत्थर खदान की जांच को पहुंची पुलिस का विरोध करने के मामले में पांच नामजद सहित 21 अज्ञात के खिलाफ शनिवार को शिकारीपाड़ा थाना में मामला दर्ज हुआ।

मामले में एसआई रवि शंकर शर्मा के लिखित आवेदन पर गांव के चुड़का टुडू उर्फ हुजूर टुडू, उत्पल टुडू, तेरेनाम टुडू, ढोलकट्टा गांव निवासी दीपक मंडल और रानेश्वर थाना क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता बबलू दत्ता सहित 21 अज्ञात महिला और पुरुषों के खिलाफ पुलिस सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, विधि विरुद्ध कार्य करने और अवैध पत्थर खदान से पत्थर खनन करने का मामला दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को सदर एसडीपीओ मो नूर मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी नवल किशोर सिंह दल-बल के साथ खदान में जांच के लिए गये थे।

पुलिस को जांचोपरांत विवादित खदान से एक लावारिस ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाने के दौरान ग्रामीणों का विरोध झेलन पड़ा था।

जब्त ट्रैक्टर को पुलिस के समझाने के बावजूद भी ग्रामीणों द्वारा जबरन छुड़ा ले जाया गया था।

दर्जनों की संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण पुलिस बल के साथ जबरन करते हुए जब्त ट्रैक्टर को छुड़ा ले गये थे।

बता दें कि इससे पूर्व भी थाना क्षेत्र के पेनरगड़िया में कार्रवाई करने पहुंची डीटीओ और सीओ के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया था।

ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ाकर जवानों को पीटा था। इसमें दो पुलिस के जवान घायल भी हो गये थे।

उस मामले में भी पुलिस कई नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुट गयी थी।

लेकिन, उक्त कांड में पुलिस द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गयी।

मामले में डीसी ने वरीय पदाधिकारी को वर्तमान थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की।

Share This Article