रांची में आज से डूरंड कप 2026 का आगाज, स्काई डाइविंग से लेकर फ्लाईपास्ट तक दिखेगा रोमांच

रांची में 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप-2026 का आज भव्य आगाज होगा। उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम, फ्लाईपास्ट और स्काई डाइविंग के बाद जमशेदपुर एफसी का मुकाबला डिफेंडर्स एफसी से होगा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची में रविवार को एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप-2026 का भव्य आगाज होने जा रहा है। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह भारतीय सेना के शौर्य, झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विश्वस्तरीय फुटबॉल का शानदार संगम देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें आर्मी बैंड, फ्लाईपास्ट और स्काई डाइविंग जैसे रोमांचक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद शाम 5 बजे से इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका आर्म्ड फोर्सेज की टीम डिफेंडर्स एफसी के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

दर्शकों के लिए दोपहर 2 बजे से खुल जाएंगे स्टेडियम के गेट

दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट दोपहर 2 बजे से खोल दिए जाएंगे। दोनों टीमों का आगमन दोपहर 3 बजे से 3:30 बजे के बीच होगा। इसके बाद 3:40 बजे से प्री-शो शुरू होगा, जिसमें डूरंड कप पर आधारित विशेष ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति दिखाई जाएगी। भारतीय नौसेना प्रमुख, सेना के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि दोपहर 3:40 बजे से 4 बजे के बीच स्टेडियम पहुंचेंगे। उनके स्वागत के बाद शाम 4 बजे से 4:35 बजे तक मुख्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। इस दौरान आर्मी बैंड की प्रस्तुति, फ्लाईपास्ट, झारखंड की सांस्कृतिक झलकियां, खुकरी मार्शल आर्ट का प्रदर्शन और भांगड़ा की रंगारंग प्रस्तुति दर्शकों का मनोरंजन करेगी।

इसके बाद करीब 4:40 बजे स्काई डाइविंग और ब्रास बैंड का विशेष प्रदर्शन होगा, जिसे समारोह का सबसे रोमांचक आकर्षण माना जा रहा है। इसके अलावा ट्रॉफी ड्रिल, डूरंड कप पर विशेष फिल्म, फीफा एंथम, खिलाड़ियों का मैस्कॉट्स के साथ मैदान में प्रवेश, मुख्य अतिथि से परिचय, सामूहिक फोटो और पारंपरिक सेरेमोनियल किक की रस्म भी निभाई जाएगी। उद्घाटन समारोह के समापन के बाद शाम 5 बजे से रांची चरण के पहले मुकाबले की शुरुआत होगी। आयोजकों ने दर्शकों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचें, ताकि पूरे उद्घाटन समारोह का आनंद ले सकें।

जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच होगा पहला मुकाबला

रविवार शाम 5 बजे से टूर्नामेंट के रांची चरण का पहला मैच जमशेदपुर एफसी (जेएफसी) और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए दोनों टीमें रांची पहुंच चुकी हैं। रांची में ग्रुप-सी के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस ग्रुप में जमशेदपुर एफसी, एससी दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और श्रीलंका सशस्त्र बल की डिफेंडर्स एफसी शामिल हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।