CM के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को ED ने फिर भेजा समन

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ से पहले ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा (Pankaj Mishra) की तबीयत खराब हो गयी।

उन्हें साहिबगंज के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पेट दर्द की शिकायत के बाद उन्हें भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से वह बीमार चल रहे हैं, जिस वजह से उनसे पूछताछ नहीं हो पायी।

सूत्रों ने बुधवार को बताया कि ED ने एक बार फिर से उनको समन भेजा है और 15 जुलाई को पूछताछ के लिए बुलाया है।

पत्थर खनन मामले में पंकज मिश्रा के व्यवसायिक सहयोगी विष्णु यादव को भी ईडी ने नोटिस जारी किया है। यादव से 14 जुलाई को ED ऑफिस में पूछताछ होगी।

कार्रवाई में अबतक 5.32 करोड़ रुपये जब्त किये गए

इसके अलावा साहिबगंज के जेवर कारोबारी संजय दीवान को आज पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उनपर आरोप है कि वे अपनी कंपनी संजय दीवान ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के जरिये काले धन को सफेद करते हैं। हालांकि संजय दीवान खबर लिखे जाने तक ED  कार्यालय नहीं पहुंचे हैं।

उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार को ED ने मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा और उनसे जुड़े लोगों के ठिकाने पर छापेमारी की थी।

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई इस कार्रवाई में अबतक 5.32 करोड़ रुपये जब्त किये गए हैं। इसी दौरान बीते नौ जुलाई को ED की टीम ने पंकज मिश्रा समेत 15 लोगों को समन भेजा था और पूछताछ के लिए बुलाया था।

Share This Article