
चंडीगढ़ : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह जालंधर और फगवाड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए लवली ग्रुप के ठिकानों पर छापेमारी की। यह समूह आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद और प्रसिद्ध शिक्षाविद् अशोक मित्तल से जुड़ा हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में दबिश दी है। इसके अलावा जालंधर में ग्रुप के प्रसिद्ध मिठाई के शोरूम और प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े ठिकानों पर भी छानबीन की जा रही है। अशोक मित्तल एलपीयू के संस्थापक भी हैं।
सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसियां विभिन्न वित्तीय दस्तावेजों और लेनदेन के रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। सुबह-सुबह हुई इस अचानक कार्रवाई से शहर के व्यापारिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। अभी तक विभाग की ओर से इस कार्रवाई के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी देश के सबसे बड़े निजी विश्वविद्यालयों में से एक है और यहां हजारों छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। गौरतलब है कि अशोक मित्तल न केवल एक सफल उद्यमी हैं, बल्कि वह राज्यसभा में पार्टी के महत्वपूर्ण पद पर भी कार्यरत हैं। इस छापेमारी के बाद कैंपस और आसपास के इलाकों में हलचल बढ़ गई है। समाचार लिखे जाने तक जांच जारी थी और अधिक विवरण की प्रतीक्षा है।

