ईद मिलाद-उन-नबी को लेकर रांची में सुरक्षा कड़ी, फिरायालाल से डोरंडा तक पुलिस का फ्लैग मार्च

ईद मिलाद-उन-नबी को लेकर रांची में सुरक्षा कड़ी, फिरायालाल चौक से डोरंडा तक पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में गश्ती और निगरानी बढ़ाई गई।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: ईद मिलाद-उन-नबी के पर्व को देखते हुए रांची पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंगलवार को पुलिस ने शहर के कई इलाकों में फ्लैग मार्च, पैदल गश्ती और बाइक पेट्रोलिंग की।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने फिरायालाल चौक से डोरंडा तक फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया।

संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी

फिरायालाल चौक, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक और विक्रांत चौक समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। संभावित जुलूस मार्गों और आसपास के इलाकों पर ड्रोन के जरिए भी नजर रखी गई।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर तैनात जवानों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को सतर्क रहने को कहा गया है।

बाइक दस्ते ने भी की पेट्रोलिंग

फ्लैग मार्च के साथ पुलिस के बाइक दस्ते ने मेन रोड से लेकर एकरा और डोरंडा थाना क्षेत्र तक पेट्रोलिंग की। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।

फ्लैग मार्च में SP सिटी, SDM सदर, वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर, संबंधित थाना प्रभारी, RAF, IRB और बाइक दस्ता समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।

असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर

रांची पुलिस ने कहा कि ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

पुलिस लगातार संवेदनशील इलाकों की निगरानी कर रही है। साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।