
France Wildfires : दक्षिण-पश्चिम फ्रांस के जंगलों में लगी भीषण आग लगातार फैलती जा रही है। तेज हवाओं के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं। वाइन के लिए दुनिया भर में मशहूर शहर बॉरदो (Bordeaux) के आसपास भी आग का खतरा बढ़ने के बाद प्रशासन ने कई इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, केवल एक रात में करीब 55 हजार लोगों को घर खाली करना पड़ा। अब तक इस इलाके में करीब 2.2 लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे जा चुके हैं। आग तेजी से फैलने के कारण गिरोंद (Gironde) क्षेत्र के कई गांवों और कस्बों में भी एहतियातन निकासी कराई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि रातभर चली तेज हवाओं ने आग को और भड़का दिया, जिससे उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। हालात को देखते हुए बॉरदो की ओर जाने वाले एक प्रमुख हाईवे के कुछ हिस्सों को भी बंद कर दिया गया है।
बॉरदो के मेयर ने कहा कि आग अभी महानगरीय क्षेत्र की सीमा तक पहुंच चुकी है और दमकल की टीमें लगातार इसे रोकने की कोशिश कर रही हैं। वहीं, दक्षिणी फ्रांस के लांद (Landes) क्षेत्र में भी अलग जगह लगी आग के कारण हजारों लोगों को घर छोड़ना पड़ा है।
उधर, पड़ोसी देश स्पेन में भी जंगल की आग ने भारी तबाही मचाई है। मैड्रिड के पश्चिमी इलाके में लगी आग के चलते करीब 70 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। फ्रांस और स्पेन में हजारों दमकलकर्मी और राहतकर्मी आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान में जुटे हुए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार गर्म मौसम, सूखा और तेज हवाएं जंगल की आग को और खतरनाक बना रही हैं। आग से पर्यावरण, वन संपदा और वन्यजीवों को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।

