Simdega News : सिमडेगा-राउरकेला मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के जामपानी पुलिया के पास सड़क किनारे खड़ी एक मालवाहक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की ऊंची लपटों और धुएं के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रक चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
आग किस वजह से लगी, इसका अभी तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह साफ हो सकेगी।

