सिमडेगा : सिमडेगा-राउरकेला मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक मालवाहक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के जामपानी पुलिया के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से देखते ही देखते आग की तेज लपटें उठने लगीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में ट्रक चालक पूरी तरह सुरक्षित है। हालांकि, ट्रक में आग लगने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



