उलिहातू पहुंचे भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

झारखंड भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने उलिहातू पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया, वंशजों से मिले और जनजातीय समाज के साथ संगठनात्मक संवाद मजबूत करने की बात कही।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खूंटी: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त झारखंड प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल अपने खूंटी प्रवास के दौरान अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचे। वहां उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके संघर्ष, त्याग तथा जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए दिए गए योगदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने उलिहातू आने को अपने लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर बताया।

प्रदेश प्रभारी ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों सुखराम मुंडा और बुधराम मुंडा से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उनके साथ झारखंड के सह-प्रभारी द्वय सौरव सिंह व निवेदिता सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू भी मौजूद रहे।

गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज भाजपा की प्राथमिकता है और इस समाज का वास्तविक कल्याण केवल भाजपा ही कर सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित करने तथा आदिवासी समाज की बेटी को देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर आसीन कराने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में पार्टी जनजातीय समाज के साथ संवाद और संपर्क को और मजबूत करेगी, जिसका सकारात्मक परिवर्तन जल्द ही पूरे देश में दिखाई देगा।

वार्ड और ग्रामीण स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए भाजपा नेताओं ने खूंटी प्रवास के दौरान कई महत्वपूर्ण गतिविधियों में हिस्सा लिया।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती रघुवर दास सरकार द्वारा उलिहातू गांव में किए गए विकास कार्यों के बाद वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार इस ऐतिहासिक स्थल के प्रति पूरी तरह उदासीन बनी हुई है। प्रदेश प्रभारी एवं सह-प्रभारियों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा से मुलाकात की और राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर विचार-विमर्श कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी ने पार्टी के पुराने कार्यकर्ता सह मुखिया फागु मुंडा के आवास पर पहुंचकर मड़ुआ रोटी, धुस्का, बर्रा और लाल साग जैसे पारंपरिक झारखंडी व्यंजनों का स्वाद लिया।

मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव और अमर कुमार बाउरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों, नृत्य और पुष्पवर्षा के साथ प्रदेश प्रभारी एवं सह-प्रभारियों का भव्य स्वागत किया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।