विश्वविद्यालय में लगभग 2800 शिक्षकों, कर्मचारियों और अल्पसंख्यक कॉलेजों के शिक्षकों को प्रतिमाह पेंशन भुगतान के लिए करीब 21 करोड़ रुपये की आवश्यकता होती है। लेकिन पेंशन मद में राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण नवंबर माह का भुगतान प्रभावित होने की आशंका है।
हालांकि, पीएल खाते में वेतन मद की पर्याप्त राशि उपलब्ध है। ऐसे में नियमित शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान में कोई परेशानी नहीं होगी। राज्यपाल सह कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय को प्रत्येक माह की पहली तारीख को वेतन और पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है। ऐसे में दिसंबर की पहली तारीख को नवंबर माह की पेंशन का भुगतान करना विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है।
पेंशनधारियों को परेशानी से बचाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन आंतरिक स्रोतों से राशि जुटाने के विकल्प पर भी विचार कर रहा है। इससे पहले भी कई बार विश्वविद्यालय को आंतरिक स्रोतों से वेतन और पेंशन का भुगतान करना पड़ा है।
गौरतलब है कि रांची विश्वविद्यालय से अलग होकर विनोबा भावे विश्वविद्यालय, कोल्हान विश्वविद्यालय और नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय का गठन हुआ है। इन विश्वविद्यालयों के अलग होने से पहले वहां कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों की नियुक्ति रांची विश्वविद्यालय के माध्यम से हुई थी। ऐसे में इन विश्वविद्यालयों के पेंशनधारियों के पेंशन भुगतान की जिम्मेदारी भी रांची विश्वविद्यालय पर बनी हुई है।


