नई दिल्ली: पाकिस्तान की एक वरिष्ठ राजनयिक ने कहा है कि शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) द्वारा लाहौर को 2026-27 के लिए पर्यटन एवं सांस्कृतिक राजधानी घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में अगले साल शहर में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय में एससीओ की उप राष्ट्रीय समन्वयक फरहत आयशा ने रविवार शाम भारत की मेजबानी में आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच के समापन के अवसर पर ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ बातचीत में यह जानकारी दी।

वरिष्ठ राजनयिक आयशा, पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मलिक के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थीं। तीन दिवसीय यह सम्मेलन दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित किया गया था। मलिक की पत्नी भी उनके साथ भारत आई थीं। तीनों ने पहली बार भारत का दौरा किया। पाकिस्तान के मंत्री और उनकी पत्नी ने रविवार को कुतुब मीनार सहित दिल्ली के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। 22 नवंबर को उद्घाटन समारोह और अगले दो दिनों में विभिन्न विषयगत सत्रों में शामिल हुईं आयशा ने रविवार को कहा, ”यह बेहद व्यस्त सम्मेलन रहा। मुझे पुराना किला भी ठीक से देखने का मौका नहीं मिला। मैं दिल्ली घूमना और शहर के बारे में और जानना चाहती थी।”

भारत की अपनी पहली यात्रा के अनुभव के बारे में पूछे जाने पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में उन्हें ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वह किसी विदेशी भूमि पर हैं। उन्होंने लाहौर और दिल्ली के बीच सांस्कृतिक समानताओं का भी उल्लेख किया। आयशा ने अगले साल पाकिस्तान की अध्यक्षता में होने वाले एससीओ शिखर सम्मेलन से पहले आयोजित की जाने वाली विभिन्न बैठकों की तैयारियों के बारे में भी जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा, ”एक सितंबर को एससीओ ने लाहौर को 2026-27 के लिए पर्यटन एवं सांस्कृतिक राजधानी घोषित किया था। अगले साल लाहौर में कई कार्यक्रम और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित करने की योजना है। इनसे लाहौर को पर्यटन स्थल के रूप में भी बढ़ावा मिलेगा। हम लोगों को लाहौर आने और यहां के इतिहास एवं विरासत का आनंद लेने के लिए आमंत्रित करते हैं।” ऐतिहासिक शहर लाहौर को पाकिस्तान का सांस्कृतिक केंद्र माना जाता है। यहां कई प्रसिद्ध स्मारक, प्राचीन स्थल, उद्यान और ऐतिहासिक संस्थान मौजूद हैं। पुराने चारदीवारी वाले शहर में सदियों पुरानी हवेलियां भी हैं, जो पुरानी दिल्ली की याद दिलाती हैं।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर में अविभाजित भारत के दौर में निर्मित कई ऐतिहासिक इमारतें हैं। इनमें लाहौर किला, प्रसिद्ध लाहौर संग्रहालय, शालीमार बाग, भव्य बादशाही मस्जिद और प्रतिष्ठित गवर्नमेंट कॉलेज विश्वविद्यालय प्रमुख हैं। एससीओ के तहत अगले साल होने वाली विभिन्न बैठकों के बारे में पूछे जाने पर आयशा ने कहा कि पाकिस्तान कई बैठकें आयोजित करेगा। इनमें सदस्य देशों के संस्कृति मंत्रियों की बैठक भी शामिल है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों की तारीख नजदीक आने पर संबंधित देशों को निमंत्रण भेजे जाएंगे। एससीओ ने सितंबर में किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की 26वीं बैठक में लाहौर को 2026-27 के लिए पर्यटन एवं सांस्कृतिक राजधानी घोषित करने का फैसला किया था। इस बैठक में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी शामिल हुए थे।
समाचार पत्र ‘डॉन’ के अनुसार, वर्ष 2022 से एससीओ के सदस्य देशों के बीच यह खिताब प्रतिवर्ष बदलता रहा है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच लोगों के आपसी संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देना तथा संगठन की बारी बारी से अध्यक्षता की व्यवस्था के तहत, अध्यक्ष देश की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करना है। पाकिस्तान ने इस साल एससीओ की अध्यक्षता संभाली थी। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अध्यक्षता की विषयवस्तु ‘दृष्टिकोण को कार्रवाई में बदलना : संपर्क, नवाचार और साझा समृद्धि’ निर्धारित की है।
आयशा ने बताया कि इससे पहले भारत के वाराणसी (2022-23), कजाखस्तान के अलमाटी (2023-24), चीन के चिंगदाओ (2024-25) और किर्गिस्तान के चोलपोन-अता (2025-26) को यह खिताब मिल चुका है। एससीओ की स्थापना 2001 में शंघाई में आयोजित एक शिखर सम्मेलन के दौरान रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाखस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने की थी। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने, जबकि ईरान 2023 में संगठन में शामिल हुआ। पहले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच का आयोजन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय ने संयुक्त रूप से किया था। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) इस आयोजन का ज्ञान भागीदार था।


