आदित्यपुर (गम्हरिया): आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सातबोहनी जुलुमटांड़ में सोमवार देर शाम पूजा पंडाल के समीप 26 वर्षीय सोनू कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जुआ खेलने के दौरान हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के पास जुआ खेला जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के दौरान चली गोली सोनू कुमार को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दोस्त के साथ जा रहा था मृतक, आरोपी फरार
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि घटना के समय सोनू अपने एक दोस्त के साथ कहीं जा रहा था। जिस हथियार से गोली चली, उसका आरोप उसी दोस्त पर है। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और उसके घर पर भी छापेमारी की गई है।


