
Garhwa Car Fire : गढ़वा जिले में भीषण गर्मी के बीच एक खड़ी कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते गाड़ी से उतरकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, गढ़वा शहर के दानारो नदी बाईपास के पास एक इको कार खड़ी थी। कार में चालक मौजूद था और बाजार से खरीदा गया सामान रखा हुआ था। तभी अचानक चालक को आग की गंध महसूस हुई। खतरे को भांपते हुए उसने तुरंत गाड़ी से छलांग लगा दी।
देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

