
BIT Mesra : झारखंड के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान BIT मेसरा के दो छात्रों ने कैंपस प्लेसमेंट में शानदार सफलता हासिल करते हुए करोड़ों रुपये के पैकेज पर नौकरी प्राप्त की है। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के छात्र कुशाग्र सहाय और अंकित कुमार का चयन प्रोफेशनल नेटवर्किंग कंपनी LinkedIn में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर (SDE) के पद पर हुआ है।
कैंपस प्लेसमेंट के दौरान कुशाग्र सहाय को 1.40 करोड़ रुपये और अंकित कुमार को 1.09 करोड़ रुपये का वार्षिक पैकेज मिला है। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि से संस्थान के साथ-साथ पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है।
लगन और सही तैयारी से मिली सफलता
रांची निवासी कुशाग्र सहाय ने बताया कि उन्होंने कॉलेज के पहले दिन से ही अपने करियर का लक्ष्य तय कर लिया था। सीनियर्स और पूर्व छात्रों के अनुभवों से सीख लेते हुए उन्होंने प्लेसमेंट की तैयारी शुरू की। पढ़ाई के साथ वे कॉलेज के कोडिंग क्लब से जुड़े और डेटा स्ट्रक्चर, एल्गोरिद्म, सिस्टम डिजाइन सहित विभिन्न तकनीकी विषयों पर लगातार अभ्यास किया।
कुशाग्र का कहना है कि किसी भी बड़ी टेक कंपनी में चयन के लिए केवल अकादमिक प्रदर्शन ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि मजबूत तकनीकी आधार और नियमित प्रैक्टिकल अभ्यास भी जरूरी होता है।
रियल-लाइफ प्रोजेक्ट्स ने बढ़ाया आत्मविश्वास
कुशाग्र ने पढ़ाई के दौरान कई तकनीकी प्रोजेक्ट्स पर काम किया, जिनमें से कुछ आज भी उपयोग में हैं। उनका कहना है कि इंटरव्यू के दौरान इन्हीं प्रोजेक्ट्स ने चयनकर्ताओं को सबसे अधिक प्रभावित किया। उनके मुताबिक, वास्तविक समस्याओं पर काम करने से न केवल अनुभव बढ़ता है बल्कि इंटरव्यू में अपनी क्षमता साबित करने का भी बेहतर अवसर मिलता है।
कोडिंग के जुनून ने दिलाई बड़ी सफलता
पलामू (डालटनगंज) निवासी अंकित कुमार ने बताया कि उन्हें शुरू से ही कोडिंग और प्रोग्रामिंग में रुचि थी। इसी रुचि को उन्होंने अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया। उन्होंने कॉम्पिटेटिव प्रोग्रामिंग में लगातार हिस्सा लिया और डेटा स्ट्रक्चर, एल्गोरिद्म, ऑपरेटिंग सिस्टम तथा DBMS जैसे विषयों की गहराई से तैयारी की।
अंकित का कहना है कि आज की बड़ी टेक कंपनियां सिर्फ अच्छे अंक या डिग्री नहीं, बल्कि उम्मीदवार की समस्या सुलझाने की क्षमता, तार्किक सोच और व्यावहारिक कौशल को अधिक महत्व देती हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा अनिरुद्ध प्रसाद और परिवार के निरंतर सहयोग को दिया।
दोनों छात्रों की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि सही दिशा में मेहनत और निरंतर अभ्यास से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वहीं, इस सफलता ने BIT मेसरा के उत्कृष्ट प्लेसमेंट रिकॉर्ड में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है।

