
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है।
मृतकों के परिवारों को 2 लाख, घायलों को 50 हजार
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, दुर्घटना में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
रामगढ़ हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख जताते हुए कहा कि झारखंड के रामगढ़ जिले में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है।
बिहार और झारखंड के मुख्यमंत्रियों ने जताई संवेदना
इस हादसे में बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की मौत पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।


