
Garhwa News : झारखंड के गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 17 वर्षीय किशोरी की हत्या के आरोप में उसके पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शादी को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
मामला परती कुशवानी गांव का है। पुलिस को घर से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर बंद घर का ताला खोला गया। अंदर किशोरी का शव बरामद हुआ। मामले की जांच शुरू करते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी पिता को हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर बेटी की शादी बाहर राज्य में तय की थी, जिसका वह विरोध कर रही थी। इसी विवाद के बाद घटना को अंजाम दिए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

