
डेस्क: देश में गैस उपभोक्ताओं के लिए अब सिलेंडर की बुकिंग में एक नया ऑप्शन जोड़ा गया है-Preferred Delivery। इस सुविधा के तहत उपभोक्ता को बुकिंग के एक सप्ताह के अंदर गैस सिलेंडर की डिलीवरी मिल रही है। लेकिन इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक, Preferred Delivery लेने पर एक सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को कुल 1010.84 रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है।
प्राथमिकता के आधार पर
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के ग्राहकों के लिए ‘इंडेन ऐप’ पर गैस की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। इस ऐप में बुकिंग के दौरान दो विकल्प दिखते हैं-सामान्य डिलिवरी और Preferred Delivery। सामान्य डिलीवरी चुनने पर उपभोक्ता को 970.50 रुपये का भुगतान करना होता है। वहीं Preferred Delivery का विकल्प चुनते ही अतिरिक्त 20 रुपये का शुल्क जुड़ जाता है और उपभोक्ता से डिलीवरी का दिन और समय भी मांगा जाता है।
इसके अलावा ऑनलाइन भुगतान के दौरान बैंक और इंडियन ऑयल द्वारा लगाए जाने वाले शुल्क पर जीएसटी भी जुड़ जाता है, जिससे कुल राशि 970.50 रुपये से बढ़कर 1010.84 रुपये तक पहुंच जाती है। यानी सिर्फ एक सप्ताह के अंदर सिलेंडर डिलीवरी पाने के लिए उपभोक्ताओं को करीब 40.34 रुपये अतिरिक्त देने पड़ रहे हैं।

