एसआईआर विवाद पर द्रमुक सांसदों की बैठक, मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग

डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन की अध्यक्षता में हुई संसदीय दल की बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग समेत चार प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चेन्नई: द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन के नेतृत्व में शनिवार को पार्टी के संसदीय दल की बैठक में चार प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर आलोचनाओं के बीच मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग भी शामिल है।

बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया कि बिहार, तमिलनाडु और कई अन्य राज्यों में जल्दबाजी में कराई गई एसआईआर प्रक्रिया के कारण वास्तविक मतदाताओं को सुनियोजित तरीके से मतदान के अधिकार से वंचित किया गया।

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने पार्टी के जुलाई 2025 से ही इस प्रक्रिया का लगातार विरोध करने का उल्लेख करते हुए निर्वाचन आयोग पर पक्षपातपूर्ण तरीके से काम करने का आरोप लगाया।

बैठक में पारित प्रस्ताव में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके ‘‘एकतरफा’’ फैसलों की गहन जांच कराने की मांग भी की गई।

पार्टी ने चुनाव में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जारी युवा और छात्र आंदोलनों को पूरा समर्थन देने की बात कही। साथ ही, कांग्रेस और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की कड़ी आलोचना करते हुए उन पर ‘‘राजनीतिक अवसरवाद’’ और भाजपा के साथ ‘‘गुपचुप नापाक गठजोड़’’ बनाए रखने का आरोप लगाया।

द्रमुक ने घोषणा की कि उसके सांसद जल्द ही राष्ट्रपति को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें एसआईआर प्रक्रिया को पूरी तरह समाप्त करने, जनता का भरोसा बहाल करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बजाय मतपत्रों से मतदान कराने और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की पर्चियों की शत-प्रतिशत गिनती कराने की मांग की जाएगी।

बैठक में एसआईआर के मुद्दे पर ‘‘दोहरा रवैया’’ अपनाने के लिए कांग्रेस और टीवीके की आलोचना करते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया गया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।