

गावां: गावां वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध सफेद बोल्डर लदे एक बोलेरो वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई बुधवार देर रात पटना-बलहरा पथ पर भेलवा गांव के समीप की गई। हालांकि, वन विभाग की टीम को देखते ही वाहन चालक बोलेरो छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।





गावां के प्रभारी फोरेस्टर राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि रेंजर को सूचना मिली थी कि तीसरी की ओर से एक बोलेरो में अवैध रूप से सफेद पत्थर लादकर पटना-बलहरा मार्ग के रास्ते कोडरमा ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद रेंजर के निर्देश पर वन विभाग की टीम गठित कर छापेमारी अभियान शुरू किया गया।
पीछा कर वाहन को किया गया जब्त
वन विभाग की टीम ने पटना-बलहरा पथ पर संदिग्ध बोलेरो का पीछा किया। भेलवा गांव के पास टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। वन विभाग की टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे में भाग निकला।
इसके बाद टीम ने बोलेरो को अपने कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। वाहन के अंदर बोरों में करीब एक टन सफेद बोल्डर लदा पाया गया।
जंगल से अवैध खनन कर ले जाने का आरोप
वन विभाग के अनुसार, बरामद सफेद बोल्डर को लोकाय-नयनपुर क्षेत्र के जंगल से अवैध तरीके से निकालकर कोडरमा ले जाया जा रहा था। विभाग ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में संजीत साव, संजय बरनवाल, शमशुद्दीन मियां और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। वन विभाग अब वाहन मालिक और अवैध पत्थर की तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है।
वहीं, फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग की कार्रवाई के बाद अवैध सफेद पत्थर के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
