
गिरिडीह : गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा गांव में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक फिल्म शोले के ‘वीरू’ की तरह करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान संजय रजक के रूप में हुई है, जो अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर टावर पर जा बैठा।
जानकारी के मुताबिक, संजय रजक का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते हैं, लेकिन परिवार वाले इसके लिए तैयार नहीं हैं। इसी बात से नाराज होकर युवक सोमवार सुबह अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से ही शादी कराने की जिद करने लगा। युवक के टावर पर चढ़ते ही गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद बेंगाबाद थाना पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की।
काफी देर तक पुलिसकर्मी और गांव के लोग युवक को समझाने में लगे रहे। इस दौरान नीचे खड़े लोगों की नजर लगातार टावर पर टिकी रही और किसी अनहोनी की आशंका से माहौल तनावपूर्ण बना रहा। युवक की इस हरकत की चर्चा पूरे इलाके में दिनभर होती रही। वहीं पुलिस पूरे मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने में जुटी रही।

