
Gopalganj News : बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि घर में अकेली युवती के साथ गांव के ही दो युवकों ने जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता और उसके परिजनों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना 25 मई की बताई जा रही है। पीड़िता उस समय घर में अकेली थी। इसी दौरान दो युवक कथित तौर पर घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया। मामले की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुसैन मोहम्मद और सरफराज अली के रूप में हुई है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि आरोपियों का भी चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

