
Army Aspirant Death : गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र में सड़क किनारे 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहा था। घटनास्थल से सल्फास की गोली बरामद होने के बाद मामला और रहस्यमय हो गया है।
जानकारी के अनुसार, बनकट गांव के पास सड़क किनारे स्थानीय लोगों ने युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान सूरवाल गांव निवासी लोरेक यादव के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुजीत आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहा था। युवक की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है।
मौके से सल्फास की गोली मिलने के बाद पुलिस आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। राजेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

