
Gopalganj News : गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र स्थित नई बाजार में एक युवक को मोबाइल चोरी के शक में बंधक बनाकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों ने एक युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे रस्सी से बांधकर कथित तौर पर मारपीट की गई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद मांझा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष निरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने वीडियो में दिख रहे आरोपितों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। यदि किसी पर अपराध का संदेह हो तो इसकी सूचना पुलिस को देनी चाहिए। दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, पीड़ित युवक की स्थिति और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। यह घटना एक बार फिर मॉब जस्टिस और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

