
नई दिल्ली : बॉलीवुड में ऐसे कई सितारे हैं जो आए और चले गए, लेकिन कुछ चेहरे ऐसे होते हैं जो सालों बाद भी लोगों के दिलों में बसे रहते हैं। ऐसी ही एक एक्ट्रेस हैं ग्रेसी सिंह, जिन्होंने फिल्म लगान में गौरी का किरदार निभाकर लाखों लोगों का दिल जीत लिया था।
डांस से शुरू हुआ था करियर
साल 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म ने उन्हें रातोरात स्टार बना दिया था। ग्रेसी सिंह ने अपने करियर की शुरुआत एक डांसर के तौर पर की थी। वह ‘द प्लैनेट्स’ नाम के डांस ग्रुप के साथ परफॉर्म करती थीं। इसके बाद उन्होंने 1997 में टीवी शो अमानत से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। हालांकि, असली पहचान उन्हें लगान से मिली, जिसने उनकी किस्मत बदल दी। लगान की सफलता के बाद ग्रेसी ने बॉलीवुड के कई बड़े सितारों के साथ काम किया। उन्होंने आमिर खान के अलावा संजय दत्त, अजय देवगन, अमिताभ बच्चन जैसे स्टार्स के साथ फिल्मों में अपनी छाप छोड़ी। मुन्ना भाई एमबीबीएस और गंगाजल जैसी फिल्मों में उनके काम को काफी सराहा गया। सफलता के बाद ग्रेसी के करियर में उतार-चढ़ाव भी आए। अरमान, चंचल, देशद्रोही और देख भाई देख जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकीं।
उन्होंने साउथ सिनेमा में भी हाथ आजमाया, लेकिन वहां भी उन्हें सफलता नहीं मिली। साल 2015 में ग्रेसी ने टीवी शो संतोषी मां के जरिए छोटे पर्दे पर वापसी की। इस किरदार ने उन्हें नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी लोकप्रिय बना दिया। इसके बाद उन्होंने कई धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में काम किया। आज ग्रेसी सिंह 44 साल की हो चुकी हैं और उन्होंने शादी न करने का फैसला किया है। वह पिछले कुछ सालों से ब्रह्मकुमारी से जुड़ी हुई हैं।
असली खुशी अध्यात्म और आत्मिक शांति से मिली
ग्रेसी का कहना है कि उन्हें असली खुशी अध्यात्म और आत्मिक शांति से मिली है। भले ही ग्रेसी सिंह अब फिल्मों से दूर हों, लेकिन लगान की गौरी के रूप में उनकी छवि आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है। यही वजह है कि 25 साल बाद भी दर्शक उन्हें उतने ही प्यार और सम्मान के साथ याद करते हैं।

