गुमला: ओबीसी आरक्षण समेत कई मांगों को लेकर छह अक्टूबर को झारखंड के पांच जिले गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची और लोहरदगा में बंद और चक्का जाम का आह्वान किया गया है। यह आह्वान केंद्रीय पिछड़ा जाति संघर्ष समिति की ओर से किया गया है। आंदोलन की तैयारी के तहत समिति ने सोमवार को मशाल जुलूस भी निकाला। समिति का कहना है कि आंदोलन के जरिए नौकरी में आरक्षण, राजनीतिक भागीदारी, पेसा कानून में अधिकार और जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम की मांग उठाई जा रही है।

समिति ने लोगों से बंद को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सफल बनाने की अपील की है। आंदोलनकारियों का कहना है कि अगर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती है, तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।


