रांची: रांची में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले आगामी टी-20 क्रिकेट मैच को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में भारी दीवानगी देखी जा रही है। जेएससीए स्टेडियम में मैच के टिकटों की बिक्री शुरू होते ही ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों पर प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा। सोमवार को ऑनलाइन टिकटों की बिक्री शुरू होने के महज 17 मिनट के भीतर ही सभी 4022 ऑनलाइन टिकट पूरी तरह ‘सोल्ड आउट’ हो गए। ऑनलाइन टिकटों का कोटा सीमित रखने के कारण बिक्री बंद होते ही फैंस ऑफलाइन टिकट खरीदने के लिए स्टेडियम के बाहर बड़ी संख्या में पहुंच गए।

सोमवार सुबह धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम के पश्चिम गेट पर ऑफलाइन टिकटों की बिक्री के लिए छह काउंटर बनाए गए थे, जिनमें से चार काउंटर आम लोगों के लिए और दो काउंटर महिलाओं व दिव्यांगों के लिए आरक्षित थे। काउंटर खुलते ही पुरुषों की तुलना में महिलाओं की कतारों में अधिक भीड़ देखी गई। दूसरे राज्यों से भी कई प्रशंसक टिकट लेने रांची पहुंचे। टिकट की चाह में कई लोग लगभग 10-10 घंटे तक कतारों में खड़े रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे।
जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने जानकारी दी कि पहले दिन ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलाकर 8000 से अधिक टिकटों की बिक्री हो चुकी है, जिसमें 4022 टिकट ऑनलाइन और 4011 टिकट ऑफलाइन बिके। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में ऑनलाइन टिकटों का कोटा एक परीक्षण के तौर पर कम रखा गया था। हालांकि, भारी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा टिकटों की कालाबाजारी भी शुरू कर दी गई, जहां 500-500 रुपये देकर महिलाओं को कतार में खड़ा किया गया और टिकट मिलने पर उन्हें दोगुने दामों पर बेचा जाने लगा। मंगलवार को प्रशंसक सभी श्रेणियों के बचे हुए टिकट खरीद सकेंगे।


